कमलेश
लखीमपुर खीरी। जनपद की तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पलिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के क्रम में बुधवार को पलिया थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने एक आरोपी को 44000 की अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर करते हुए आरोपी गौरव पुत्र मुन्ना लाल राठौर (28)निवासी मोहल्ला पठान-2, कस्बा व थाना पलिया को गिरफ्तार किया। जिसके पास तलाशी के दौरान करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 44,000 रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी सीज कर उस पर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी के साथ साथ उपनिरीक्षक रामजीत यादव, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश यादव, अनुज कुमार, कांस्टेबल कृष्ण मुरारी एवं कपिल रावल की अहम भूमिका रही। इस दौरान थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर समाज में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

