कमलेश
खमरिया-खीरीईसानगर क्षेत्र के भट्ठापुरवा मजरा बेल्तुआ में रविवार को मगरमच्छ द्वारा 12 वर्षीय बालक लालमन पुत्र प्रताप को नाले में खींच ले जाने की घटना के बाद वन विभाग ने बुधवार को बड़ी सफलता हासिल की है। वन विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे सर्च अभियान के दौरान गहरे पानी से पहले बालक की टी-शर्ट और उसके बाद शव के कुछ अवशेष बरामद किए गए है। घटना के बाद से वन विभाग की टीम लगातार नाले और आसपास के जंगल क्षेत्र में तलाश अभियान चला रही थी। गहरे पानी और घनी झाड़ियों के कारण राहत एवं खोज कार्य में काफी दिक्कतें आ रही थीं। कई दिनों की कड़ी मशक्कत और जंगल की सफाई कराने के बाद टीम को पहले लालमन की टी-शर्ट मिली, जिसकी पहचान परिजनों ने कर ली। इसके बाद बालक के शव के कुछ अंश भी बरामद कर लिए गए। इस बाबत
वन दरोगा सुनील कुमार ने बताया कि लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था। गहरे पानी और जंगल की सफाई के बाद पहले बालक की टी-शर्ट और फिर शव के कुछ अवशेष बरामद हुए हैं। इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दे दी गई है। गौरतलब है कि रविवार दोपहर लालमन गांव के बाहर स्थित दहौरा नाला के पास भैंस चराने गया था। इसी दौरान वह नाले के किनारे शौच को पहुंचा, जहां पहले से मौजूद मगरमच्छ ने उसे पानी में खींच लिया था। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़ने और नाले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

