पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के द्वारा मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल तथा मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव के निर्देशन में एक दिवसीय अयोध्या भ्रमण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में गोरखपुर परिक्षेत्र की 51 महिला रेल कर्मचारियों ने भागीदारी की।
इस दौरान महिला कर्मचारियों को धार्मिक नगरी अयोध्याधाम ले जाया गया, जहां उन्होंने राम मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। साथ ही प्रतिभागियों ने रामघाट हाल्ट रेलवे स्टेशन का भी अवलोकन किया और क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से परिचित हुईं। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और उपहार प्रदान किए गए। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य महिला कर्मचारियों को दैनिक कार्यों की व्यस्तता से दूर सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना रहा।यात्रा के दौरान महिला कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। मुख्य हित निरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव और संजय द्विवेदी की देखरेख में पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया।


