पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोण्डा)। नगर के पड़ाव मोहल्ले में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में बृहस्पतिवार की सायं को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा प्रवाचक आचार्य डॉ. संत शरण त्रिपाठी ने ध्रुव, प्रह्लाद तथा जड़ भरत उपाख्यान का विस्तारपूर्वक एवं भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की उपस्थिति रही और पूरा वातावरण भक्ति भाव से ओतप्रोत रहा।
![]() |
| पंडाल में श्रद्धालु |
कथा प्रवाचक के आचार्य त्रिपाठी ने ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि ध्रुव की अटूट निष्ठा, तपस्या और भगवान के प्रति अडिग विश्वास हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि मात्र पांच वर्ष की आयु में ध्रुव ने कठोर तप कर भगवान को प्रसन्न किया और ध्रुव तारा के रूप में अमर हो गए। यह कथा हमें सिखाती है कि यदि संकल्प दृढ़ हो तो छोटी उम्र या विपरीत परिस्थितियां भी सफलता में बाधा नहीं बन सकतीं।इसके पश्चात प्रह्लाद चरित्र का वर्णन करते हुए आचार्य ने कहा कि प्रह्लाद ने अपने पिता हिरण्यकशिपु के अत्याचारों के बावजूद भगवान का नाम नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति में इतनी शक्ति होती है कि स्वयं भगवान भक्त की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। प्रह्लाद की कथा हमें यह संदेश देती है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी ईश्वर पर विश्वास बनाए रखना चाहिए।कथा के क्रम में जड़ भरत उपाख्यान का वर्णन करते हुए आचार्य त्रिपाठी ने जीवन के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को समझाया। उन्होंने कहा कि जड़ भरत ने सांसारिक मोह-माया का त्याग कर आत्मज्ञान का मार्ग अपनाया और समाज को वैराग्य एवं आत्मचिंतन का संदेश दिया। यह कथा हमें बताती है कि जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मा की शुद्धि और ईश्वर की प्राप्ति है, न कि केवल भौतिक सुख-सुविधाएं।आचार्य ने अपने प्रवचन में सत्संग, भक्ति और सदाचार के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य को जीवन में अच्छे कर्मों और ईश्वर स्मरण को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल सुनने की नहीं, बल्कि उसे जीवन में उतारने की आवश्यकता है।कथा के अंत में भाजपा प्रदेश परिषद सदस्य बाबूलाल शास्त्री ने अपनी पत्नी सीता देवी के साथ व्यास पीठ का विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा भक्ति भाव से आरती उतारी। आरती के दौरान पूरा पंडाल हरि नाम के जयघोष से गूंज उठा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। कथा सुनने आए राम जन्मभूमि न्यास के महासचिव चंपतराय, तरबगंज विधायक प्रेमनारायण पांडेय, पूर्व मंत्री अनिल तिवारी , भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी तथा प्रांत प्रचारक कौशल जी को कथा प्रवाचक ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।इस मौके पर मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, विधायक प्रतिनिधि वेदप्रकाश दुबे,रवि श्रीवास्तव,सूर्यलाल दूबे, आशीष शास्त्री,सतीश शास्त्री, विनोद तिवारी, गिरजेश तिवारी लल्लू सहित तमाम लोग मौजूद रहे।


