पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
उत्तर प्रदेश के गोंडा में डीसीएम के चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया। पुलिस ने मौके से डीसीएम को अपने कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को तड़के कर्नलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्नलगंज कटरा रोड स्थित गौरव खुर्द के पास दर्दनाक सड़क हादसे में थाना क्षेत्र के नई बाजार के रहने वाले 50 वर्षीय मोहम्मद रईस पुत्र मोहम्मद वारिस की मौत हो गई। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस मामले के कार्रवाई में जुटी हुई है।
मेले से लौटने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि मोहम्मद रईस चूड़ी बेचने का कारोबार करता है, इन दिनों बलरामपुर में लगे हुए मेले में वह चूड़ी बेच रहा था। जहां से बुधवार के तड़के मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहा था, तभी गौरव एजेंसी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने ठोकर मार दिया। हादसा होते ही आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए, बाइक सवार को जब तक लोग अस्पताल पहुंचाते उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बेटियों के हाथ पीले करना बाकी
दरअसल, मृतक के कंधे पर बड़े परिवार की जिम्मेदारी थी, मोहम्मद रईस की पांच बेटियां और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, रईस ने एक बेटी की हाथ में मेहंदी रचा दी थी, लेकिन चार बेटियां और दो छोटे-छोटे बच्चों की जिम्मेदारी उठानी अभी बाकी थी, उससे पहले ही हादसे में रईस की मौत हो गई। ऐसे में लोगों का कहना है कि आखिर अब परिवार का खर्च कैसे चलेगा, जब अभी बेटियों के हाथ पीले करने बाकी हैं।
बोले इंस्पेक्टर
कर्नलगंज थाना प्रभारी नरेंद्र राय ने दूरभाष पर बताया कि कटरा करनैलगंज मार्ग पर हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। शव को पंचायत नामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय रवाना कर दिया गया है। डीसीएम चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।

