पंश्याम त्रिपाठी /मनीष यादव
नवाबगंज (गोंडा):थाना क्षेत्र चौखडिया गांव में देर रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को पुलिस व एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया है। इस दौरान हुई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके पर ही दबोच लिया गया।
घटना चौखड़िया पुल के पास गोपसराय मार्ग की है, जहां पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान संदिग्धों से आमना-सामना हुआ। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात की फिराक में इलाके में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने इलाके की घेराबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान दद्दन कंकाली (26) निवासी शेखपुरा जफर, थाना रौनाही (अयोध्या) के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी फारूक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और 1.27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम कथित तौर पर चोरी की गई भैंसों की बिक्री से प्राप्त हुई थी।
थाना अध्यक्ष अभय सिंह के अनुसार, दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो गोंडा और आसपास के जिलों में पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। दद्दन पर आठ और फारूक पर चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

