पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
उत्तर प्रदेश गोंडा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका से मारपीट अभद्र व्यवहार करने के आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित करके ब्लॉक संसाधन केंद्र से संबंध कर दिया है। अपने रवैया के कारण शिक्षक चौथी बार निलंबित हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नवाबगंज शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय नगवा में तैनात सहायक अध्यापक रशीद अंसारी को खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के उपरांत बीएसए ने निलंबित करते हुए विभागीय जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में उच्च स्तरीय दो सदस्यीय जांच टीम का गठन करके 15 दिवस के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है।
सहायक अध्यापक पर गंभीर आरोप
शिक्षिका से मिली जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल के सुबह विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका अपने पति के साथ विद्यालय पहुंची थी। इस दौरान विद्यालय में तैनात आरोपी शिक्षक ने शिक्षिका का वीडियो बनाया, जिसका शिक्षिका ने विरोध किया तो, आरोपी शिक्षक मारपीट करने लगा, हालांकि हल्ला गुहार सुनकर विद्यालय में तैनात अन्य शिक्षकों ने बीच बचाव कर के मामले को शांत कराया था।
खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में खुली पोल
घटना के बाबत जानकारी मिलने के बाद नवाबगंज के खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया, इस दौरान जांच में पाया कि सहायक अध्यापिका के विद्यालय आने-जाने के दौरान आरोपी शिक्षक प्रतिदिन वीडियो बनाता था। इसी बात का विरोध करने पर अध्यापिका और शिक्षक के बीच विवाद हुआ था, विद्यालय के बच्चों और कर्मियों से जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि आरोपी शिक्षक ने शिक्षिका से मारपीट की, शिक्षक के प्रहार से शिक्षिका के कनपटी पर सूजन आ गई, और खून बहने लगा।
मुकदमा दर्ज
मामले में पीड़ित अध्यापिका ने नवाबगंज पुलिस में शिकायती पत्र देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।
खंड शिक्षा अधिकारी पर दबाव का प्रयास
मामले की जांच के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया कि विद्यालय में तैनात शिक्षक रशीद अंसारी निरंकुश हो चुका है। इसके द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को मारने पीटने की शिकायतें प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेने पर खंड शिक्षा अधिकारी पर भी अनैतिक रूप से दबाव बनाने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी शिक्षक अपने करतूतों के कारण पूर्व में भी तीन बार निलंबित हो चुका है। जिसके परिणाम स्वरूप दंड पाकर बहाल हुआ है।
निलम्बित हुआ शिक्षक
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने आरोपी शिक्षक को प्रथम दृष्टया दोषी व पूर्व के घटनाक्रम एवं दर्ज मुकदमे के आधार पर निलंबित करके दो सदस्यीय जांच टीम का गठन कर दिया है।
विभागीय जांच शुरू
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले के गंभीरता को देखते हुए मुजेहना के खंड शिक्षा अधिकारी समय प्रकाश पाठक और बेलसर खंड शिक्षा अधिकारी नूतन जायसवाल को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 15 दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
बोले बीएसए
मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने प्रेस नोट के माध्यम से कहा कि कार्यस्थल पर महिला सहकर्मी के साथ मारपीट एवं धमकी देने, बिना अनुमति कार्य स्थल पर महिला सहकर्मी का लगातार वीडियों बनाने, नैतिक अधमता (MORAL TURITUDE) पूर्ण आचरण प्रदर्शित करने, विद्यालय में आर०टी०ई० 2009 में निहित प्राविधानो का उल्लंघन करते हुए अध्ययनरत छात्रो को मारने-पीटने, शिक्षक के रूप में निहित कर्तव्यों का लगातार उल्लंघन करने, महिला सहकर्मी का मानिसक व शारीरिक उत्पीड़न करने, खण्ड शिक्षा अधिकारी पर अनैतिक दबाव बनाने का प्रयास करने के आरोप में कार्रवाई हुई है। शिक्षक के ऐसे कृत से समाज में विभाग छवि रही थी। आरोपी शिक्षक रशीद अंसारी को ब्लॉक संसाधन केंद्र तरबगंज में संबद्ध किया गया है।

