उत्तर प्रदेश के गोंडा में दिल दहला देने वाली घटना में ट्रैक्टर चालक की झुलस कर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जिससे घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को खोडारे थाना क्षेत्र के कूक नगर ग्रांट के भरपुरवा में संचालित रतन ब्रिक फील्ड (भट्ठे) पर ईंट उतारने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई। आग के लपटों में झुलसकर बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलहरिया गांव के रहने वाले 35 वर्षीय ट्रैक्टर चालक राकेश कुमार उर्फ धन्नू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
![]() |
| ट्रेक्टर को जेसीबी से सीधा करने के दौरान लगी भीड़ |
डीजल बहने से लगी आग
बताया जाता है कि ट्रैक्टर चालक ट्राली से ईंट गिरा रहा था, इसी दौरान ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया, ट्रैक्टर के पलटते ही टंकी में भरा हुआ डीजल बहने लगा, जिसमें आग लग गई। जब तक लोग कुछ मदद कर पाते तब तक ट्रैक्टर तेज गति से जलने लगा। जैसे तैसे करके आग पर काबू पाने के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग से झुलसने व ट्रैक्टर से दबने के कारण राकेश की मौत हो चुकी थी।
लंबे समय तक ट्रैक्टर के नीचे दबा रहा चालक
आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने ट्रैक्टर चालक को ट्रैक्टर के नीचे से निकलने के लिए अथक प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। भारी भरकम ट्रैक्टर को भीड़ के धक्का देने के बावजूद भी हिलाया नहीं किया जा सका, जेसीबी बुलाकर ट्रैक्टर सीधा करने के बाद झुलसे हुए चालक को बाहर निकाला गया, तब तक वह दम तोड़ चुका था।
बोले सीओ
घटना की पुष्टि करते हुए मनकापुर पुलिस क्षेत्राधिकारी उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई, हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया है।



