पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज, गोंडा। शुक्रवार सुबह नवाबगंज क्षेत्र में टिकरी रेलवे क्रॉसिंग 12सी के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब डाउन नौतनवा मालगाड़ी के 10 डिब्बे रेलवे क्रॉसिंग पार करते ही इंजन से अलग हो गए। हालांकि सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति पर जल्द काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, डाउन नौतनवा मालगाड़ी अयोध्या-कटरा होते हुए मनकापुर की ओर जा रही थी। मालगाड़ी में आयरन रॉड लदी हुई थी। जैसे ही ट्रेन नवाबगंज-टिकरी रेलवे क्रॉसिंग 12सी पार कर आगे बढ़ी, अचानक प्रेशर पाइप अलग हो जाने से मालगाड़ी के 10 डिब्बे इंजन से कटकर पीछे रह गए। इंजन करीब 100 मीटर आगे जाकर रुका।
घटना की जानकारी मिलते ही मालगाड़ी की महिला गार्ड ज्योति ने तत्काल लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। गार्ड और रेलवे कर्मचारियों की मशक्कत के बाद अलग हुए डिब्बों को दोबारा जोड़ा गया। इस पूरी प्रक्रिया में मालगाड़ी करीब 18 मिनट तक घटनास्थल पर खड़ी रही। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वीडियो बनाने लगे।
कटरा-अयोध्या आरपीएफ चौकी प्रभारी एस.पी. चौबे ने बताया कि प्रेशर पाइप अलग होने के कारण यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि मामले की विभागीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। समय रहते स्थिति नियंत्रित होने से बड़ा हादसा टल गया।
नवाबगंज।मालगाडी के संचालन मे दो महिलाओं की भूमिका काफी दमदार दिखी पहली महिला का परिचय मालगाड़ी की गार्ड ज्योति जिन्होने घटना बाद तुरंत ड्राइवर को सूचना देकर मालगाडी रुकवाया तथा मालगाड़ी मे चल रही शायद सहलोको पायलट रही दुसरी महिला भी तुरंत गाडी से नीचे उतर कर ड्राइवर को सही जानकरी मोबाइल से देकर अलग हुए मालगाड़ी के डिब्बे को जुडवाने मे जुटी दिखी वही स्थानीय लोगों को भी रेलवे ट्रैक से दूर रहने का निर्देश देती रही वही मालगाडी से अलग दस डिब्बो को स्थानीय रेलवे कर्मचारी की मदद से दोनो महिलाओ ने मिलकर मालगाडी के डिब्बो को जुडवाकर आगे के लिए रवाना हो गयी स्थानीय लोग महिलाओ की जुगलबंदी और कार्यशैली की प्रशंसा करते नजर आये।


