पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
वजीरगंज, गोंडा। शादी के महज दो माह बाद एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक के पिता ने बहू तथा उसके माता-पिता पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के चंदापुर कोट निवासी मोहम्मद यूनुस ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके 22 वर्षीय पुत्र नफीस का विवाह 29 अप्रैल को अंजुम पुत्री कुतुब अली निवासी साहगंज खुर्दाबाद, थाना नवाबगंज के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही अंजुम तथा उसके माता-पिता नफीस और उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
वादी के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे बहू अंजुम अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ ससुराल से चली गई। इस दौरान नफीस को कथित रूप से अपशब्द भी कहे गए। परिवार का आरोप है कि पत्नी और उसके परिजनों की प्रताड़ना तथा बहू के चले जाने से नफीस काफी आहत और तनावग्रस्त हो गया।
बताया गया कि मंगलवार शाम को ही नफीस ने अपने घर के कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पत्नी अंजुम, ससुर कुतुब अली तथा सास के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
युवक की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

