पं श्याम त्रिपाठी/ बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। थाना क्षेत्र के गोरखपुर-अयोध्या हाईवे स्थित लोलपुर ओवरब्रिज पर गुरुवार सुबह एक ट्रेलर का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। टायर फटते ही ट्रेलर का पिछला हिस्सा पलट गया, जबकि आगे का हिस्सा ऊपर उठ गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
![]() |
| जेसीबी से हटाया ट्रेलर |
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब पांच बजे गोरखपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर जैसे ही लोलपुर ओवरब्रिज पर पहुंचा, अचानक उसका टायर फट गया। तेज आवाज के साथ ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर तिरछा खड़ा हो गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही सरयू घाट चौकी प्रभारी संजीव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ओवरब्रिज के नीचे से वाहनों का डायवर्जन कर आवागमन सुचारु कराया, जिसके बाद लोगों को राहत मिली।
चौकी प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन मालिक मौके पर पहुंच गए हैं तथा ट्रेलर को हटवाकर रास्ता खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।


