पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। गुरुवार को थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर से चौबेपुर सड़क मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब दस बजे कृष्ण कुमार यादव पुत्र रामनिहाल यादव बाजार से अपने दोस्तों को छोड़कर घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह हरिवंशपुर गांव के पास पहुंचे, अचानक बुलेट पर नियंत्रण खो बैठे और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल श्रीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक के घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि मामला सड़क दुर्घटना का है। घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

