पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। स्थानीय राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस के पावन अवसर पर भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर ममता और वात्सल्य के रंगों से सराबोर नजर आया, जहां बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से माताओं के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू पाठक के विद्यालय आगमन पर पुष्पवर्षा एवं तिलक लगाकर किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि माँ ही बच्चे की प्रथम गुरु होती है और मातृ दिवस उनके त्याग, समर्पण और स्नेह को सम्मान देने का अवसर है।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू पाठक ने मंच से मातृ शक्ति को समर्पित एक भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया। उनकी मधुर आवाज और गीत के भावपूर्ण शब्दों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। राधिका, सृष्टि और शालिनी ने “होठ जो खुले तो तेरा नाम आए” गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं कक्षा 2 की छात्राओं सृष्टि, पूजा, महक, काव्या और अदिति ने माताओं को समर्पित विशेष नृत्य प्रस्तुत किया।
माताओं के लिए मार्बल्स एंड स्पून, बैलून एंड स्टिक बैंगल्स, बैलेंसिंग बैलून, नीडल एंड थ्रेड तथा ब्लाइंड फोल्ड जैसे रोचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में कक्षा 7 की छात्रा माधवी उपाध्याय की माताजी को ‘मदर ऑफ द ईयर’ सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


