पं श्याम त्रिपाठी
उत्तर प्रदेश के गोंडा से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। फोन करके कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और विधायक बेटे प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले में विधायक प्रतिनिधि ने मुकदमा दर्ज कराया है।
जिले के नगर कोतवाली में दर्ज कराए गए मुकदमे में क्षेत्र के बीरपुर विशेन गांव निवासी सदर विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह पुत्र वंश बहादुर सिंह ने कहा है कि विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल कर पिता पुत्र को जान से मार देने की धमकी दी गई है।
पिता पुत्र को खत्म करने का इंतजाम
दर्ज कराए गए मुकदमे के मुताबिक 14 जून के दोपहर करीब 2 बजकर 22 मिनट पर एक अज्ञात फोन आया, जिसने 35 सेकेंड के बातचीत के दौरान धमकी भरे लहजे में कहा कि तुम्हे और तुम्हारे पिता दोनो लोगों को जान से मारकर खत्म करने का इंतजाम हो चुका है खुद को बचा पाओ तो बचा लो।
तकनीकी जांच में आरोपी की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल पुलिस अधीक्षक गोंडा को सूचना दी।
विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में शिकायत पत्र दिया गया। पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला कि कॉल करने वाले नंबर का संबंध राजस्थान के अलवर जिले से है। सिम कार्ड संदीप शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा, मकान नम्बर 239 मांडावार वार्ड 6 माजरी भंडा जनपद अलवर के नाम पर पंजीकृत है।
अंतरराष्ट्रीय गिरोह के निशाने पर परिवार
पुलिस में दर्ज हुए मुकदमे में स्पष्ट किया गया है कि विधायक और उनका परिवार पहले भी विभिन्न अन्तर्राष्ट्रीय गिरोहों एवं अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के निशाने पर रहा है।
बोले इंस्पेक्टर
मामले में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दिया गया है, आरोपी के गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है, आरोपी के गिरफ्तारी के बाद वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

