![]() |
| AI GENERATED PHOTO |
उत्तर प्रदेश के गोंडा में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई, सुबह खेत के लिए निकले लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार के सुबह मनकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत झिलाही रेलवे स्टेशन से पश्चिम विशुनपुर गांव के पास 40 वर्षीय युवक का शव पाया गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक मृतक के शरीर पर लगे चोटों के निशान से स्पष्ट हो रहा था कि सफर के दौरान ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शव को चीर घर रवाना कर दिया है।
मृतक की पहचान
मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के पास से ऐसा कुछ प्राप्त नहीं हुआ जिससे उसकी पहचान हो सके, हालांकि पुलिस सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से पहचान करवाने में जुटी हुई है। बताया जाता है कि मृतक हल्का पीले रंग का टीशर्ट और बादामी रंग का पैंट पहने हुए था।
बोले थानाध्यक्ष
मामले में मनकापुर थाना प्रभारी गौरव सिंह तोमर ने दूरभाष पर बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया है।

