कमलेश
खमरिया-खीरी। ईसानगर ब्लॉक के पंचायत मित्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को लखनऊ में धरना शुरू करने के लिए रवाना हो गए। पंचायत मित्रों ने एक कॉमन मांग पत्र के माध्यम के जरिये शासन से सेवा संबंधी सुविधाएं एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। धरने में शामिल पंचायत मित्रों ने बताया कि योजना के सुचारू संचालन के लिए वीबीजीआरएमजी के समस्त कार्मिकों को आउटसोर्सिंग निगम एवं संविदा कर्मचारियों की भांति उनके कार्य स्तर के अनुसार न्यूनतम वेतन/मानदेय की गारंटी, एचआर पॉलिसी, सामाजिक सुरक्षा नीति, वार्षिक वेतन वृद्धि तथा ईपीएफ, एनपीएस, कैशलेस चिकित्सा, बीमा, अनुकंपा नियुक्ति, अवकाश सहित अन्य सभी सुविधाओं के लिए यह कदम उठाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि मानदेय, ईपीएफ एवं अन्य देयकों का भुगतान कंटीजेंसी मद से न कर अलग बजट अथवा राज्य सरकार के 40 प्रतिशत अंशदान से किया जाए। इस बाबत पंचायत मित्र दिनेश जायसवाल ने बताया कि पंचायत मित्र अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत प्रदान करेगा।

