कमलेश
खमरिया खीरी। नागपंचमी का पर्व सोमवार को ईसानगर व खमरिया क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प व अन्य पूजन सामग्री अर्पित की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वही नागपंचमी के अवसर पर लोगों ने नाग देवता की पूजा कर उन्हें दूध अर्पित किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नाग देवता के प्रतीक स्वरूप पूजा कर सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा तथा शिवालयों में सुबह से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने घरों में नाग देवता की पूजा कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया। बच्चों में भी नागपंचमी को लेकर खासा उत्साह रहा।
घरों में पकवान बनाए गए और परिवार के लोगों ने एक साथ पूजा-अर्चना कर पर्व की खुशियां साझा कीं। विशेष पर्व को लेकर ईसानगर, खमरिया सहित आसपास के गांवों में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा व श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और नाग देवता से परिवार में सुख-शांति, खुशहाली तथा अच्छी फसल की कामना की।




