कृष्ण मोहन
उत्तर प्रदेश के गोंडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी संयुक्त टीम ने इमरती विशेन गांव के पास दो आरोपी चंदन तिवारी उर्फ धवल और आशु उपाध्याय उर्फ पिंकल का आमना सामना हो गया। जिसमें दोनों बदमाशों के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया है।
![]() |
| अस्पताल में भर्ती आरोपी |
क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आज शुक्रवार के सुबह नगर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौलिया पुलिस चौकी अंतर्गत जानकी नगर के रहने वाले व्यापारी शिवम उर्फ राघवेंद्र सिंह से एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। व्यापारी के द्वारा रंगदारी देने से इनकार करने पर बदमाशों ने जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने नगर पुलिस समेत एसओजी संयुक्त टीम को बदमाशों के गिरफ्तारी के लिए अलर्ट किया था। जिसके क्रम में संयुक्त पुलिस टीम आरोपियों के गिरफ्तारी में लगी हुई थी।
पुलिस से घिरता देखकर की फायरिंग
पुलिस की माने तो संयुक्त टीम को इनफॉर्म हुआ कि व्यापारी से रंगदारी मांगने व जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर गोंडा से बहराइच के तरफ जा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही संयुक्त टीम ने रास्ते में पहुंचकर आरोपियों की घेराबंदी कर दी। पुलिस के चक्रव्यूह से बचकर निकलने के लिए आरोपी चंदन तिवारी उर्फ धवल और आशु उपाध्याय उर्फ पिंकल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दिया, जिससे पुलिस बाल बाल बच गई। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गोली चलाई जिससे दोनों आरोपी घायल हो गए।
बोले एएसपी
मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि आज सुबह 17 अक्टूबर को एक व्यापारी से रंगदारी मांगने के बाबत मना करने पर बदमाशों ने आत्मघाती हमला करते हुए फायर किया था। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त टीम लगी हुई थी। बहराइच रोड पर घेराबंदी के दौरान बदमाशों के फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश का अपना अपराधिक इतिहास मिला है, जिसे अभी और गहराई से खंगाला जा रहा है। दोनों बदमाशों के कब्जे से तमंचा, खोखा कारतूस और पीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।


