पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोण्डा)। महिलाओं और बच्चियो की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान का पांचवां चरण क्षेत्र के किशुनदासपुर स्थित राज बख्श सिंह इंटर कालेज में आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को बाल अपराध, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, एसिड अटैक और यौन उत्पीड़न जैसी गंभीर समस्याओं पर जागरूक किया गया।थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बाल अपराध पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि आज बच्चे और किशोर मोबाइल और इंटरनेट के अधिक प्रभाव में हैं, जिससे उनका मानसिक और सामाजिक विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लिंक, अनजान कॉल और सोशल मीडिया संदेशों से दूरी बनाना जरूरी है। अभय सिंह ने बताया कि सरकार बाल और महिला सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।मौके पर महिला उपनिरीक्षक अंतिमा सिंह ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि घर, स्कूल या रास्ते पर किसी भी शोषण या छेड़छाड़ की स्थिति में पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पहचान गुप्त रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में आरक्षी अभिषेक, महिला आरक्षी आस्था और प्रांशी ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर और सुरक्षा संबंधी संपर्क सूत्र की जानकारी दी।

