पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती शुक्रवार को क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उल्लासपूर्वक मनाई गई। कस्बे में विभिन्न संस्थानों और विभागों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संदेश दिया गया।
थाना परिसर में सुबह थाना अध्यक्ष अभय सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों ने सरदार पटेल के चित्र पर फूलमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा, “सरदार पटेल केवल एक राजनेता नहीं बल्कि एक दृढ़ संकल्प वाले कर्मयोगी थे। उन्होंने जिस निष्ठा और दूरदृष्टि से देश को एक सूत्र में पिरोया, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत बनाना चाहिए।”
श्रद्धांजलि के बाद ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसमें थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने 5 किलोमीटर तक दौड़ लगाई। दौड़ के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से कस्बा गुंजायमान हो उठा।
इसके उपरांत पुलिस कर्मियों ने एकता रैली निकाली और “दंड से न्याय की ओर” का नारा देते हुए लोगों को पम्पलेट वितरित किए। रैली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विश्वास चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक विभव सिंह, दूधनाथ चतुर्वेदी, अशोक जायसवाल, पंकज यादव, रियाज खान, तथा महिला उपनिरीक्षक अंतिमा सिंह सहित सैकड़ों महिला और पुरुष पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद नवाबगंज से अधिशासी अधिकारी सर्वेश शुक्ला के नेतृत्व में कर्मचारियों ने एकता रैली निकाली। इसमें अमित बाबू, सुरेश बाबू सहित अनेक कर्मचारी शामिल हुए। रैली के माध्यम से नगर में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
वहीं भाजपा पदाधिकारी अनूप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी भारत की अखंडता के प्रहरी हैं।
दिनभर चले कार्यक्रमों से कस्बे में देशभक्ति, अनुशासन और एकता का माहौल बना रहा।

