पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। गोरखपुर जोन के एडीजी मुथा अशोक जैन ने बुधवार की रात्रि नवाबगंज थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में स्थापित नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल कार्यालय का उनकी पत्नी वामासारथी गोरखपुर जोन की अध्यक्ष शोभा जैन ने फीता काटकर उद्घाटन किया। दोनों इकाइयों को सक्रिय रूप से संचालित करने और महिलाओं तथा साइबर अपराध पीड़ितों को त्वरित सहायता मुहैया कराने पर उन्होंने जोर दिया।
एडीजी के पहुंचते ही पुलिस कर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे थाना परिसर के निरीक्षण में जुट गए। उन्होंने पूरे परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को देखा और इससे संतुष्ट नजर आए। इसके साथ ही शस्त्रागार में उपलब्ध असलहों की स्थिति, रख-रखाव और सुरक्षा फाइलों की जांच, लंबित मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश निरीक्षण के दौरान एडीजी ने अपराध से संबंधित अभिलेखों, रजिस्टरों और लंबित मुकदमों की फाइलों को परखा। उन्होंने रिकॉर्ड अपडेट रखने और हर मामले के त्वरित व पारदर्शी निस्तारण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।थाने के अधिकारियों के साथ बैठक में एडीजी ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति, महिलाओं के खिलाफ अपराध, साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और पुलिसिंग की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जनता को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए और प्रत्येक शिकायत पर तत्काल कार्रवाई हो।उन्होंने सास-बहू सम्मेलन, महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम और साइबर सुरक्षा कैंपेन जैसे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों को सराहा और इनमें जनता की सहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिस–जन संवाद से ही कानून-व्यवस्था मजबूत हो सकती है।
थानाध्यक्ष की सराहना, मिलेगा प्रशस्ति पत्र
थाने की स्वच्छता व्यवस्था तथा लंबित मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण को देखकर एडीजी ने थानाध्यक्ष अभय सिंह की तारीफ की। कार्यप्रणाली से संतुष्ट होकर उन्होंने थानाध्यक्ष को प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की। उन्होंने थाना स्टाफ से ईमानदारी, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जनता की सेवा करने की अपील की।करीब डेढ़ घंटे तक चले निरीक्षण के बाद एडीजी वापस चले गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, एडिशनल एसपी राधेश्याम राय, सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह सहित थाने का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


