पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा)। क्षेत्र के करीब आधा दर्जन आरोग्य केंद्रों का शनिवार को अन्तर्मंडलीय टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने आरोग्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के साथ-साथ खामियों को भी बारीकी से परखा।
दो सदस्यीय निरीक्षण टीम में शामिल डॉ. दिनेश कुमार एवं डॉ. चंद्रजीत यादव ने लोलपुर, रामापुर, बैजलपुर, कोल्हमपुर विशेन, देवीनगर सहित अन्य आरोग्य केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने केंद्रों पर सीएचओ व पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, दवाओं की स्थिति, ओपीडी संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था, शौचालय, टीकाकरण कक्ष, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए उपलब्ध सेवाएं, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीजों को दी जा रही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान जहां कुछ केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, वहीं कुछ जगहों पर दवाओं की कमी, साफ-सफाई में लापरवाही और संसाधनों की कमी, रिकार्ड संधारण जैसी खामियां भी सामने आईं। टीम ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विपिन तिवारी ने बताया कि अन्तर्मंडलीय टीम ने स्पष्ट किया कि आरोग्य केंद्रों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




