कमलेश जायसवाल
धौरहरा-खीरी:भीषण ठंड को देखते हुए तहसील प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को एसडीएम व तहसीलदार की अगुवाई में क्षेत्र के 200 बेसहारा एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। वही कंबल पाकर जरूरतमंदों ने ख़ुशी व्यक्त कर एसडीएम के साथ तहसीलदार का आभार व्यक्त किया है।
भीषण सर्दी को गंभीरता से लेते हुए धौरहरा एसडीएम शशिकांत मणि व तहसीलदार आदित्य विशाल की अगुवाई में शनिवार को जुगनुपुर व अमेठी में ठंड से प्रभावित 200 गरीब, वृद्ध एवं असहाय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर कंबल उपलब्ध कराए गए। कंबल वितरण के समय अधिकारियों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर वितरण कार्य की निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि सहायता सही लोगों तक पहुंचे। इस बाबत एसडीएम ने बताया कि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। आगे भी मौसम की स्थिति को देखते हुए राहत सामग्री का वितरण जारी रहेगा। वही तहसीलदार ने कहा कि बेसहारा लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।


