उत्तर प्रदेश के गोंडा में 14 वर्षों से ईंट भट्टे पर मुंशी के रूप में काम कर रहे युवक की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार के मध्य रात्रि छपिया थाना क्षेत्र के सबरापुर में संचालित काशीराम वर्मा के ईंट भट्ठा पर सो रहे भट्ठा मुंशी 35 वर्षीय राम सजीवन वर्मा को अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला करके घायल कर दिया। भट्ठा पर मौजूद लोगों ने युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
![]() |
| इसी बरामदे में हुई घटना |
अब जानिए पूरा मामला
दरअसल, अयोध्या जिले के गोसाईगंज अंतर्गत आमसिन दहलवा गांव के रहने वाले राम सजीवन वर्मा पुत्र रामचंद्र वर्मा लगभग 14 वर्षों से काशीराम वर्मा के ईंट भट्ठे पर मुनीम का काम करते थे। बुधवार की रात भोजन के उपरांत जब वह ईट भट्टे पर बने मकान के बरामदे में गहरी नींद में सोए हुए थे, तभी अज्ञात बदमाशों ने मुंशी के सिर और गले पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ चार-पांच वार कर दिया। जिससे भट्टे पर चीख पुकार मच गई। भट्ठा पर मौजूद अन्य लोग जब तक बीच बचाव करने के लिए दौड़ते तब तक बदमाश मौके से भाग निकले। गंभीर दशा में मुंशी को अयोध्या के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत करार दे दिया।
अधिकारियों ने लिया जायजा
वारदात की जानकारी मिलते ही छपिया पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई, घटनास्थल का अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, पुलिस क्षेत्राधिकारी मनकापुर ने जायजा लिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। वही अपर पुलिस अधीक्षक ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया।
बोले इंस्पेक्टर
मामले में छपिया थाना प्रभारी प्रबोध कुमार ने दूरभाष पर बताया कि भट्ठा मालिक के शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच किया जा रहा है। अयोध्या पुलिस के द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वही क्षेत्राधिकारी उदित नारायण पालीवाल ने कहा कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।



