सुनील गिरि
हापुड़: जम्मू-कश्मीर के डोडा से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई थी , जिसने पूरे उत्तर प्रदेश और विशेषकर हापुड़ जिले को झकझोर कर रख दिया है। डोडा में हुए एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना का एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया।
![]() |
| अंतिम विदाई में शामिल सेना के जवान एवं अधिकारी |
जिसमें हापुड़ के जांबाज सपूत रिंकल बालियान देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए हैं। इस खबर के बाद से शहीद के गांव भटेल में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है। हादसा उस वक्त हुआ जब जवानों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
![]() |
| तिरंगा में लिपट कर पहुंचा पार्थिक शरीर |
बताया जा रहा है कि उस ट्रक में लगभग 17 जवान सवार थे। इस भीषण दुर्घटना में 10 जवानों की दुखद मृत्यु हो गई, जिनमें हापुड़ के गांव भटेल के निवासी रिंकल बालियान भी शामिल थे। रिंकल बालियान का सैन्य सफर गौरवशाली रहा है। वे वर्ष 2016 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और तब से पूरी निष्ठा के साथ मां भारती की सेवा कर रहे थे।
![]() |
| अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब |
जैसे ही उनकी शहादत की सूचना गांव पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। आसपास के गांवों के लोग भी शहीद के अंतिम दर्शनों के लिए भटेल गांव पहुंच रहे हैं प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शहीद रिंकल बालियान का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गांव पहुंचा है, जहाँ उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में मौजूद रहे।




