कमलेश
खमरिया-खीरी:धौरहरा में जनगणना 2027 की चल रही तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जीजीआईसी धौरहरा में गुरुवार को चौथे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें 231 प्रगणक एवं सुपरवाइजर शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर अमरेंद्र प्रताप सिंह, निखिल कुमार गुप्ता, अभिषेक गिरी, गौरव तिवारी और अमित सिंह ने बारी-बारी से प्रतिभागियों को मकान गणना, परिवार विवरण संकलन एवं डिजिटल एप के उपयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र को व्यवहारिक और सरल बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे फील्ड में कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए। इस प्रशिक्षण की निगरानी तहसीलदार आदित्य विशाल के नेतृत्व में की जा रही है। वहीं तहसीलदार के आदेशानुसार रामेंद्र अवस्थी, जितेंद्र दीक्षित और कंप्यूटर ऑपरेटर अजय गुप्ता लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं,ताकि सभी प्रतिभागियों को सुचारु रूप से प्रशिक्षण मिल सके। इस दौरान प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों और सुपरवाइजरों के चेहरे पर उत्साह साफ नजर आया। सभी ने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का संकल्प लिया। इस बाबत जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल जनगणना की तैयारी को मजबूती दे रहा है, बल्कि प्रशासन की सक्रियता और सुव्यवस्थित योजना का भी परिचायक बन रहा है।

