कमलेश
लखीमपुर खीरी। होमगार्ड भर्ती परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतना पांच पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। परीक्षा ड्यूटी से गायब होकर मॉल में शॉपिंग करने पहुंचे पांच पुलिसकर्मियों को एसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान हे0का0 प्रमोद वर्मा, राशिद चौधरी, का0 विक्रांत चौधरी, रचित राजपूत व लोकेश पाण्डेय ड्यूटी स्थल से बिना अनुमति गायब हो गए। बाद में इनके जूडियो मॉल में शॉपिंग करने की सूचना मिली।
मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

