पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
खमरिया-खीरी:ईसानगर क्षेत्र के इमलिया गांव में बुधवार सायं एक सराहनीय घटना सामने आई, जिसने इंसानियत और पुलिस की तत्परता दोनों की मिसाल पेश की। गांव निवासी प्रदीप वर्मा ने सड़क किनारे भटकती करीब पांच वर्षीय एक बालिका को देखा।मासूम घबराई हुई थी और अपने बारे में कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रदीप वर्मा ने तुरंत पीआरवी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना देर किए बच्ची की पहचान और उसके परिजनों की तलाश युद्ध स्तर पर शुरू कर दी। पुलिस की सक्रियता रंग लाई और कुछ ही घंटों बाद बालिका की पहचान सुमन पुत्री त्रिमोहन, निवासी रमपुरवा थाना ईसानगर के रूप में हो गई। इसके बाद पुलिस टीम स्वयं बच्ची को उसके घर लेकर पहुंची और सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया। अपनी बेटी को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं,उन्होंने पुलिस टीम के दीवान विनोद कुमार,चालक गोपाल शुक्ला और सजग ग्रामीण प्रदीप वर्मा का दिल से आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिसने भी इस घटना को देखा व सुना उसने यही कहा कि इस घटना ने न केवल पुलिस की मुस्तैदी को दर्शाया, बल्कि यह भी साबित किया कि समाज में जागरूक नागरिकों की भूमिका कितनी अहम होती है।

