कमलेश
खमरिया-खीरी:खमरिया क्षेत्र से एक सुखद और राहत भरी खबर सामने आई है, जहां मानवीय संवेदनाओं और चिकित्सकीय तत्परता का शानदार उदाहरण देखने को मिला। मटरिया गांव निवासी शोभावती पत्नी हरीश को रविवार रात अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। घबराए परिजनों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद ली और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया ले जाया जाने लगा।
इसी दौरान, अस्पताल पहुंचने से कुछ ही कदम पहले एम्बुलेंस में ही शोभावती ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दे दिया। अचानक हुई इस स्थिति में एम्बुलेंस स्टाफ और चिकित्सकों की सूझबूझ ने बड़ा संकट टाल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए जच्चा-बच्चा को स्पेशल वार्ड में भर्ती कर आवश्यक जांच व उपचार शुरू कराया। कई घंटों की निगरानी के बाद दोनों के पूरी तरह स्वस्थ होने की पुष्टि की गई, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। इस बाबत प्रसूता के पति हरीश राजपूत ने चिकित्सा टीम का आभार जताते हुए कहा कि डॉक्टरों की तत्परता और बेहतर इलाज की वजह से उनकी पत्नी और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। वही कस्बेवासी ने बताया कि यह घटना न केवल स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि समय पर मिली चिकित्सा सुविधा किसी भी आपात स्थिति को खुशियों में बदल सकती है।

