कमलेश
खमरिया खीरी:ईसानगर ब्लॉक में स्थित ओम् साई स्वर्गीय गिरिजाशंकर शिवनाथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आज वार्षिक परीक्षाफल वितरण एवं छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, वहीं अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रबंधक जितेंद्र अवस्थी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कड़ी मेहनत, अनुशासन और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही विद्यालय के प्रबंधक श्रवण पाठक ने भी बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले एवं सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले छात्रों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष एकलव्य पाठक, प्रधानाचार्य पवन पाठक, हरीश, विवेक बाजपेई, राजेश पाल, सुरेंद्र, आदर्श, रेशम, रामसरन, रामसागर, धीरेंद्र, देवकीनंदन, ज्ञानेंद्र, अर्चना वर्मा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

