कृष्ण मोहन
उत्तर प्रदेश के गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने एक बार फिर महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए तीन निरीक्षकों सहित 11 को इधर से उधर कर दिया है। तबादले की दूसरी सूची जारी करके खाली चल रहे मनकापुर प्रभारी निरीक्षक के पद पर नवीन तैनाती दी गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक देर रात पुलिस मीडिया सेल के द्वारा जारी की गई ट्रांसफर सूची में 7 दरोगा और तीन निरीक्षकों का तबादला किया गया है। जिससे कई चौकी इंचार्ज के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन हो गया है।
खाली थी मनकापुर कोतवाल की कुर्सी
बता दे कि पुलिस विभाग में साफ सुथरी छवि के प्रभारी निरीक्षकों की मांग की पूर्ति करने के लिए मनकापुर के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह को गैर जनपद गोरखपुर रवाना कर दिया गया है। उनके स्थानांतरण के बाद से मनकापुर कोतवाल का पद रिक्त चल रहा था। जिसकी पूर्ति के लिए रात में जारी किए गए तबादले की सूची के बाद दूसरी सूची जारी करके दरोगा को मनकापुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
निरीक्षकों का तबादला
मनकापुर के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक हरिश्चंद्र भारती को स्थानांतरित करके इटियाथोक थाना का क्राइम इंस्पेक्टर बनाया गया है। मनकापुर में तैनात निरीक्षक खुश मोहम्मद खां को अपराध शाखा भेजा गया है। मीडिया सेल के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे मनोज कुमार पाठक को कटरा बाजार थाना के क्राइम इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
उप निरीक्षकों का तबादला
थाना कटरा बाजार के पहाडापुर चौकी प्रभारी अशोक कुमार को थाना उमरी बेगमगंज भेजा गया है। कौड़िया थाना अंतर्गत आर्य नगर चौकी प्रभारी राजीव कनौजिया को पहाडापुर चौकी इंचार्ज बनाया गया है। थाना कटरा बाजार में तैनात अजय कुमार सिंह को कौड़ियां के आर्य नगर का चौकी प्रभारी बनाया गया है। कोतवाली नगर के सोनी गुमटी चौकी इंचार्ज मनीष कुमार को थाना इटियाथोक के लिए स्थानांतरित किया गया है। थाना कोतवाली नगर के दरोगा योगेश कुमार अब सोनी गुमटी चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी निभाएंगे। थाना इटियाथोक के उप निरीक्षक शमशेर खान देहात कोतवाली के लिए स्थानांतरित किए गए हैं, इटियाथोक से कौशल किशोर सिंह को थाना परसपुर भेजा गया है।
स्वाट प्रभारी को मिली मनकापुर की कमान
मनकापुर के कोतवाली में इंचार्ज की जिम्मेदारी निभाने के लिए जिला मुख्यालय पर स्वाट प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं उपनिरीक्षक गौरव सिंह तोमर को थाना कोतवाली मनकापुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।

