कमलेश
लखीमपुर खीरी:जनपद के थाना पलिया क्षेत्र से एक राहत भरी खबर सामने आई है। गुमशुदा हुए व्यक्ति को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार,सोमवार को अजीतनगर पटिहन रोड निवासी 43 वर्षीय सौरभ माहेश्वरी पत्रु अवधेश कुमार माहेश्वरी घर से मंदिर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर थाना पलिया में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पलिया पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर खोजबीन शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लोगों से पूछताछ की और सर्विलांस के जरिए मोबाइल लोकेशन ट्रैक की। इसी दौरान सौरभ माहेश्वरी की आखिरी लोकेशन बरेली जिले के सुरेश शर्मा नगर चौराहे के पास मिली। जिसकी जानकारी होते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गुमशुदा हुए सौरभ को सकुशल बरामद कर पलिया लाया गया जहां से उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस तेज और प्रभावी कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय लोगों व परिजनों ने पलिया पुलिस टीम की जमकर सराहना की है। वही पुलिस की तत्परता ने एक परिवार को बड़ी चिंता से राहत दिलाई है।

