पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा । गुरुवार को क्षेत्र के अकबरपुर गांव में जंगल से भटककर पहुंचे एक हिरण को गांव के जागरूक युवकों ने सुरक्षित बचाकर वन विभाग को सौंप दिया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने हिरण का रेस्क्यू कर उसे पुनः जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग के दरोगा कमल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अकबरपुर गांव के चकवहाब मजरे में एक हिरण जंगल से भटककर आ गया था, जिसे कुत्तों ने घेर लिया था। इसी दौरान गांव के सैय्यद गुलाब नबी और ताज मोहम्मद नामक युवकों ने तत्परता दिखाते हुए हिरण को कुत्तों से बचाया और सुरक्षित पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हिरण को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। अधिकारियों ने दोनों युवकों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई जंगली जानवर भटककर गांव में आ जाए, तो उसे नुकसान न पहुंचाएं बल्कि संबंधित विभाग को सूचना देकर उसकी मदद करें। इससे वन्यजीवों के संरक्षण के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी सहायता मिलती है।

