पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
गोंडा, 22 अप्रैल 2026:क्षेत्र में बालिका शिक्षा को नई दिशा देने के लिए आज महाराजा देवी बक्स सिंह इंटर कॉलेज, तरबगंज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाचार्य के.के सिंह ने की, जिसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन श्रीमती कुमकुम गुप्ता समेत दोनों विद्यालयों के समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।
बैठक में छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया। अभी तक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में केवल कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई व आवासीय सुविधा उपलब्ध थी। अब विद्यालय परिसर में नवनिर्मित छात्रावास के माध्यम से कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
प्रधानाचार्य के.के सिंह ने बताया कि महाराजा देवी बक्स सिंह इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं अब कस्तूरबा विद्यालय के छात्रावास में रहकर अपनी इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी कर सकेंगी। इससे दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं को आने-जाने की समस्या से मुक्ति मिलेगी और वे सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकेंगी।
कस्तूरबा विद्यालय की वार्डन ने कहा कि इस संयुक्त योजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की बेटियों को उत्तम शैक्षणिक माहौल, पौष्टिक भोजन और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी छात्रा संसाधनों के अभाव में पढ़ाई न छोड़े।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नई व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू कर क्षेत्र की छात्राओं को इसका लाभ दिया जाएगा। उपस्थित सभी शिक्षकों ने इस पहल को बालिका शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।
इस बैठक में रंजय सिंह,आभा सिंह नेहा वर्मा, रामकुमार मिश्र, श्रीमती रोशन , सामाजिक कार्यकर्ता घनश्याम जायसवाल मौजूद रहे

