एकलब्य पाठक
ईसानगर- खीरी:ईसानगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिलिक में मंगलवार को अचानक लगी आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अज्ञात कारणों से गेहूं के खेतों में लगी इस भीषण आग ने देखते ही देखते करीब 20 एकड़ फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती गई और बड़ी मात्रा में खड़ी फसल जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लेखपाल ने स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित किसानों को शासन की ओर से सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
इस अग्निकांड में कई किसानों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों में ओमकार, अविनाश, आदित्य पुत्र बैजनाथ की 1.5-1.5 बीघा, बहादुर पुत्र मोती का 2 बीघा, रामगोपाल पुत्र कन्हाई, संजय पुत्र रामगोपाल का लगभग 5 एकड़, कमलेश, जगदीश, कैलाश पुत्र मनोहर का 4-4 बीघा, राजेश, दिनेश, नीरज, अनिल, धीरज, मंगू पुत्र विक्रम का 1.5-1.5 बीघा, राम प्यारी पत्नी विक्रम का 1.5 बीघा, श्रीपाल का 5 बीघा, रामकुमार पुत्र लल्लू का 4.5 बीघा एवं रमेश, उत्तम, सुरेश, नंदकिशोर शामिल हैं।
फसल जलने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि यह उनकी साल भर की मेहनत का परिणाम था। वही किसानों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

