उत्तर प्रदेश के गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जिले में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के उद्देश्य एक बार फिर जिले में स्थानांतरण करते हुए 21 उप निरीक्षक और एक निरीक्षक को इधर से उधर कर दिया है। जिसमें एक उप निरीक्षक का स्थानांतरण रद्द करते हुए उन्हें उनके पद पर रहने दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात पुलिस मीडिया सेल से जारी हुई ट्रांसफर सूची में 21 दरोगा और एक निरीक्षक को स्थानांतरित किया गया है। जिसमें पुलिस लाइन में तैनात 9 उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारी देते हुए थाने में तैनात किया गया है। इस सूची में एक उपनिरीक्षक को पुलिस लाइन से वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें तीन चौकी इचांर्ज को भी इधर से उधर किया गया है। इस तबादले में एक चौकी इंचार्ज की कुर्सी चली गई है।जबकि दो दरोगा को को चौकी इंचार्ज की नई जिम्मेदारी दी गई है।
इंस्पेक्टर का हुआ तबादला
कटरा बाजार थाना में तैनात रहे अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक रामाशंकर राय को थाना उमरी बेगमगंज में अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक के पद पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दरोगा का तबादला
थाना खोड़ारे में तैनात उप निरीक्षक अवनीश यादव को कटरा बाजार थाना में तैनात किया गया है। इसी क्रम में खोड़ारे के उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव को थाना कोतवाली मनकापुर में नवीन तैनाती दी गई है। थाना कटरा बाजार में तैनात दरोगा सीताराम यादव को थाना उमरी बेगमगंज भेजा गया है। थाना कर्नलगंज में तैनात उप निरीक्षक सरफराज खान को थाना धानेपुर के लिए स्थानांतरित किया गया है। इसी क्रम में थाना कौड़िया के उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव को भी थाना धानेपुर में नवीन तैनाती मिली है। थाना कोतवाली मनकापुर में तैनात उप निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी को थाना उमरी बेगमगंज भेजा गया है।
तीन चौकी इंचार्ज का तबादला, दो को मिली चौकी इंचार्ज की कुर्सी
थाना उमरी बेगमगंज के मुंगरा बाजार चौकी इंचार्ज सुमित सिंह को उनके सेवा क्षेत्र में परिवर्तन करते हुए थाना करनैलगंज का कस्बा चौकी इंचार्ज बनाया गया है। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कस्बा चौकी इंचार्ज शिवनाथ गुप्ता को चौकी इंचार्ज के कुर्सी से मुक्त करके थाना उमरी बेगमगंज में तैनात किया गया है। थाना कोतवाली नगर के एससीपीएम चौकी इंचार्ज वैभव सिंह को देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दर्जी कुआं चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में दो उप निरीक्षकों को चौकी इंचार्ज का दायित्व दिया गया है, जिसमें थाना उमरी बेगमगंज में तैनात उप निरीक्षक अभिलेख तिवारी को उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंगरा बाजार के चौकी इंचार्ज की नवीन जिम्मेदारी दी गई है। थाना कोतवाली नगर में तैनात उप निरीक्षक रोहित रणवीर को थाना कोतवाली नगर के एससीपीएम का चौकी इंचार्ज बनाया गया है। इस दौरान थाना धानेपुर से कटरा बाजार के लिए स्थानांतरित हो चुके वरिष्ठ उप निरीक्षक गजेंद्र पांडे के स्थानांतरण को निरस्त कर दिया गया है।
पुलिस लाइन से थाने में मिली तैनाती
आकाशदीप को थाना परसपुर, राजेंद्र प्रसाद को थाना खोडारे, रामचंद्र यादव को थाना नवाबगंज, वीरेंद्र यादव को थाना नवाबगंज, रामकेश यादव को थाना इटियाथोक, शमसुद्दीन को थाना धानेपुर, शशांक मौर्य को थाना कर्नलगंज, शेषनाथ पांडे को थाना कौड़िया और अशोक कुमार जायसवाल को थाना कोतवाली नगर में वरिष्ठ उप निरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है।

