कृष्ण मोहन
उत्तर प्रदेश के गोंडा में रेलवे फाटक को पार करते समय टेंपो टकरा गया, जिससे रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया, रेलवे फाटक के दोनों तरफ दूर-दूर तक वाहनों के काफिले लग गए।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मनकापुर कस्बे के रेलवे फाटक संख्या 245 स्पेशल के बैरियर से मंगलवार को शाम लगभग 6:15 बजे रेलवे फाटक पार करने के दौरान टेंपो का ऊपरी हिस्सा टकरा गया, जिससे बैरियर टूट गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेलवे फाटक टूट जाने से रास्ता बाधित हो गया।
ऊंचाई को भूल गया चालक
ड्यूटी पर तैनात गेटमैन के मुताबिक शाम के 6:10 पर जब वह रेलवे फाटक को बंद कर रहा था, इस दौरान टेंपो तेजी से निकलकर रेलवे फाटक को पार करने की कोशिश में था, लेकिन वह यह भूल गया कि उसके टेंपो के ऊपर ऊंचा सामान बंधा हुआ है। जिसके कारण लगभग गिर चुके बैरियर में टेंपो के छत पर बंधा हुआ सामान फस गया, जिससे उत्तर दिशा की तरफ बना हुआ बैरियर टूट गया।
![]() |
| लगा जाम |
दूर तक लगा जाम
रेलवे फाटक के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण मनकापुर से गोंडा नवाबगंज जाने वाला मार्ग, गोंडा नवाबगंज के तरफ से मनकापुर, उतरौला, मसकनवा, सादुल्लाह नगर को जाने वाला मार्ग बाधित हो गया। रेलवे फाटक के दोनों तरफ के रास्तों पर दूर-दूर तक मोटरसाइकिल, कार, ट्रक, बस की लंबी कतारें खड़ी हो गई।
![]() |
| रेलवे फाटक पर लगी भीड़ व पुलिस |
आए दिन लगता है जाम
बताते चलें कि मनकापुर रेलवे क्रॉसिंग 245 स्पेशल आए दिन जाम के झाम में उलझा रहता है। इन दिनों सहालग (शादी ब्याह) शुरू होने के बाद गाड़ियों के काफिले अक्सर जाम के झाम में फंसे रहते हैं। मामला तो तब और भी गंभीर हो जाता है, जब विद्यालय में छुट्टी होती है, स्कूल से घर जाने वाले बच्चे एक साथ विद्यालय से निकल कर घर के लिए चलते हैं, यही हाल सुबह के लगभग 8 से 9 के बीच देखने को मिलता है, जब विद्यालय, दूर दराज कार्यालय, और सब्जी मंडी में सब्जी लेकर जाने वाले किसान इसी रेलवे क्रॉसिंग को पार करते हैं। लेकिन रेलवे फाटक बंद होता है। इस दौरान एम्बुलेंस के जरिए जिला मुख्यालय जाने वाले मरीज, वह क्षेत्र के आसपास से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जाने वाले मरीजों के लिए बंद रेलवे क्रॉसिंग बीपी बढ़ाने का काम करती है।
बोले कस्बा चौकी इंचार्ज
इस बाबत मनकापुर कस्बा चौकी इंचार्ज शिवकुमार गिरी ने दूरभाष पर बताया कि, रेलवे फाटक टूट जाने से जाम लगा हुआ है, आवागमन करने वाले लोगों को झिलाही बायपास मार्ग के जरिए पास कराया जा रहा है। रेलवे फाटक मरम्मत कार्य पूरा होने तक लोगों को डायवर्ट किया जाएगा।



