पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज (गोंडा) थाना क्षेत्र के तुरकौली गांव में बीती रात अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने पांच परिवारों की गृहस्थी उजाड दी।
तुरकौली गांव के मुरावन पुरवा में शुक्रवार की रात्रि करीब 10:45 पर राम प्रसाद के छप्पर के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पास के ही बद्री, पाटनदीन, देवी दीन और दिनेश के छप्पर के आशियानों को भी अपने आगोश में ले लिया। सूचना पर मौके पर पंहुची डायल 112 टीम और पुलिस ने गांव के लोगों के साथ मिलकर घंटो कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
पीड़ित बद्री पुत्र रामकुमार ने बताया कि आग लगने से तीन पंखा, चार्जर, राशन,तीन साइकिल, कपड़े सहित जेवर और तीन लाख की नगदी जलकर राख हो गई है।
देवी दीन ने बताया कि उनका कूलर, पंखा, साइकिल, बिस्तर, कपड़े और चारपाई जल गई है। राम प्रसाद का छप्पर और भूसा, दिनेश सिंह का डेढ क्विंटल सरसों और कपडे, मुन्ना का छप्पर, राशन, चारा काटने की मशीन, कपड़े, जलकर राख हो गया । सुशीला की बाइक और बद्री का आटो भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
गांव के प्रधान प्रतिनिधि रिषभ सिंह ने बताया कि अग्निकांड की सूचना तहसील में दे दी गई है। पीड़ित परिवारों को यथा संभव सहायता भी दी जा रही है।




