पट्टी प्रतापगढ़:पट्टी तहसील क्षेत्र के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रायपुर पट्टी में फावा नेटवर्क लखनऊ के निर्देशन में तरुण चेतना संस्था द्वारा “बालिका शिक्षा का महत्व” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ डिजिटल युग में मोबाइल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में संस्था के उपनिदेशक श्याम शंकर शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक और AI का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और तकनीकी ज्ञान से सशक्त होने के लिए प्रेरित किया।
अभियान प्रभारी हुस्नारा बानो ने बताया कि उनकी संस्था बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सघन अभियान चला रही है। हकीम अंसारी ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए बालिका शिक्षा अत्यंत जरूरी है।
कार्यक्रम के उपरांत “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत छात्राओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें शिक्षा के महत्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य, अध्यापकगण कंचन मिश्रा, अपर्णा, पूजा गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही साथ बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।


