पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज, गोंडा। नवाबगंज क्षेत्र में संचालित नार्थ इंडिया अर्लीन ऑप्स मिशन इंटर कॉलेज के चेयरमैन (CEO) पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति पर कब्जा करने, जबरन ताला बंद करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना नवाबगंज में वर्ष 2026 के अंतर्गत एफआईआर संख्या 0133 दिनांक 28 अप्रैल 2026 को दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 329(3), 352, 351(2), 131 एवं 324(4) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि वह लंबे समय से संस्थान से जुड़ा रहा है और वर्ष 2021 में संस्था की कमेटी द्वारा उसे चेयरमैन पद सौंपा गया था। आरोप है कि संस्था के कुछ लोगों ने साजिश के तहत फर्जी तरीके से मेमोरेंडम में बदलाव कर उसके पद और संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़ित ने बताया कि उसकी कोठी पर जबरन ताला बंद कर दिया गया तथा अंदर रखी निजी सामग्री और आवश्यक दस्तावेजों का उपयोग नहीं करने दिया जा रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संस्था की संपत्ति को निजी संपत्ति बताकर बेचने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे संस्था को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अभय सिंह का कहना है कि मामले की तहरीर आधार पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

