कमलेश
खमरिया-खीरी:धौरहरा में आगामी जनगणना को लेकर प्रशिक्षण कार्य अपने अंतिम पड़ाव पर है। अब तक कुल 1013 प्रगणक और सुपरवाइजर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, जबकि वर्तमान में 231 प्रगणक व सुपरवाइजर ‘जनगणना हीरोज’ के माध्यम से प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसको लेकर प्रशासन द्वारा प्रशिक्षण को प्रभावी और समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।जीजीआईसी धौरहरा में चल रहे
प्रशिक्षण सत्रों में मकान गणना, परिवार विवरण, डिजिटल एप के उपयोग सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है, जिससे सभी प्रगणक अपने दायित्वों को बेहतर तरीके से निभा सकें। इसी बीच, ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे कुछ शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। शिक्षक शौरभ पाण्डेय, अमित कुमार सिंह, मीना राज, अर्चना चौधरी, पिंकी देवी, रामअचल, आनंद सिंह तथा सुपरवाइजर अमित सिंह, होरेष राना, सुनील कुमार सहित अन्य को तत्काल प्रशिक्षण में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इस बाबत तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि नोटिस के बावजूद संबंधित कर्मी प्रशिक्षण में भाग नहीं लेते हैं, तो उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वही प्रशिक्षण को लेकर तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें सभी की जिम्मेदारी तय है। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को दक्ष बनाकर इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें अगर किसी कर्मचारी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई निश्चित है।

