उत्तर प्रदेश के गोंडा में नशे में धुत कार चालक बैंक मैनेजर ने गश्त पर निकले बाइक सवार सिपाहियों को जोरदार ठोकर मार दिया, जिससे दोनों सिपाहियों की हालत गंभीर हो गई। स्थानीय चिकित्सालय में इलाज के उपरांत दोनों को मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर किया। पुलिस ने मौके से कार चालक को हिरासत में लेकर वाहन को सीज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरुवार की देर रात करनैलगंज कोतवाली में तैनात सिपाही हिमांशु प्रजापति और अनिल कुमार गुप्ता बाइक पर सवार होकर गश्त के लिए निकले थे। इसी दौरान गोनवा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार कार ने जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे बाइक सवार सिपाही दूर जा गिरे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप राय दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
![]() |
| खून से लथपथ घायल सिपाही |
कुछ यूं हुआ हादसा
बताया जाता है कि गुरुवार की रात लगभग 12:00 बाइक सवार सिपाही क्षेत्र भ्रमण कर रहे थे, जब वह चौरी चौराहा की ओर निकल रहे थे इसी दौरान गोनवा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। तेज रफ्तार कार की ठोकर लगते ही दोनों बाइक सवार घटनास्थल से उछलकर दूर जा गिरे। तब उधर से गुजर रहे राहगीरों ने स्थानीय पुलिस में सूचना देकर घटना से अवगत कराया।
मेडिकल कॉलेज रेफर
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल दोनों सिपाही को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचाया, जहां जहां अधीक्षक डॉ• अनुज कुमार व फार्मासिस्ट अशोक वर्मा ने प्राथमिक उपचार के उपरांत सिपाहियों की स्थिति को गंभीर देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। यहां स्थिति में सुधार न होते देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। जहां अब स्थिति सामान्य बनी हुई है।
चालक गिरफ्तार
मौके पर पहुंची पुलिस में कार चालक को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक की पहचान स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के सीसामऊ शाखा प्रबंधक राजेश कुमार सिंह की रूप में हुई है। चालक को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया, अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है।
बोले इंस्पेक्टर
घटना की पुष्टि करते हुए कोतवाल नरेंद्र कुमार राय ने दूरभाष पर बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल कराने पर नशे में होने की पुष्टि हुई है। दोनों सिपाहियों की स्थिति सामान्य है। चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


