कमलेश
खमरिया-खीरी:ईसानगर क्षेत्र के शंकरपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी स्वामीदयाल व पैरू के घर के बीच बनी सकरी गली में एक बेजुबान सांड फंस गया। सांड को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों ने पुलिस पीआरवी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सांड को दो दीवारों के बीच से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जिसको देख गांव में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने सांड के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उसका अंतिम संस्कार किया। वही इस घटना ने गांवों में बनी सकरी गलियों की समस्या को भी उजागर कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की तंग गलियां न केवल जानवरों बल्कि इंसानों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती हैं। साथ ही प्रशासन से गांवों की गलियों को चौड़ा कराने की मांग भी उठाई है।

