कमलेश
लखीमपुर खीरी।जनपद के ईसानगर व खमरिया थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के खुलासे में ईसानगर व खमरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना ईसानगर व खमरिया पुलिस के साथ एसओजी की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान सक्रिय अंतरजनपदीय चोर गिरोह के छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी का माल, नगदी, अवैध तमंचे व कारतूस बरामद किए हैं। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों ने फिलहाल राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दोनो थानों की पुलिस टीम ग्राम नौरंगपुर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी,तभी संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश रमाकांत और हारून के पैर में गोली लग गई,इसी हड़बड़ाहट में चोर संभल नही पाये और सभी छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में रमाकांत पुत्र मनोहर, हारून पुत्र बसीर, संदीप पुत्र कमलेश, संजय पुत्र छोटेलाल, पियुष पुत्र हरिश्चन्द्र तथा धीरज पुत्र राजेन्द्र शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी सीतापुर जनपद के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी खमरिया क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरोह थाना ईसानगर, खमरिया और धौरहरा क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में वांछित था। अभियुक्तों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 7 हजार 500 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की सीएनजी ऑटो बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी हारून और रमाकांत पर सीतापुर, लखनऊ, रायबरेली और राजस्थान तक में चोरी, लूट, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वही घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ईसानगर ब्रजेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष खमरिया निर्मल तिवारी, एसओजी प्रभारी जयप्रकाश यादव सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे।

