कमलेश
खमरिया खीरी:खमरिया थाना क्षेत्र के मदाराबेहड़ गांव में गुरुवार देर रात चोरों की आहट से हड़कंप मच गया। गांव के पास संदिग्ध लोगों के होने की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट हो गए और चारों ओर घेराबंदी शुरू कर दी। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया।
सूचना मिलते ही खमरिया थाना प्रभारी ओपी राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और गांव को मानो किले में तब्दील कर दिया। ग्रामीणों द्वारा बताई गई जगहों पर खेतों और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक संदिग्धों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ शमशेर बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ ईसानगर थाना प्रभारी निर्मल तिवारी और पुलिस बल ने भी गांव व खेतों में देर रात तक तलाशी अभियान चलाया,इसके बावजूद चोर पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। इस बाबत
थाना प्रभारी ओपी राय ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है, जो हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों गांव में चार घरों में हुई ताबड़तोड़ चोरियों के बाद से लोग पहले से ही सतर्क हैं। गुरुवार रात खेत में मौजूद एक युवक ने गांव के दक्षिण स्थित नाले के पास कुछ अज्ञात लोगों को बैठे देखा था। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने उन्हें घेरने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि संदिग्ध फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

