कमलेश
खमरिया खीरी:ईसानगर क्षेत्र के चपकहा गांव में रविवार को सुबह हल्की बारिश व चल रही हवा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जब अचानक एक पुराना जामुन का पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। इस घटना में सुर्जलाल पुत्र रामकुमार की भैंस पेड़ के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भैंस की मौत से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। यही नही पेड़ गिरने की चपेट में आने से दिलीप कुमार और अनिल कुमार,कनौजी लाल का कच्चा मकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद परिवार के लोग स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए किसी तरह बाहर निकल आए और अपनी जान बचाने में सफल रहे। बताया जाता है कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मिलकर पेड़ की टहनियां हटाईं और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस बाबत ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लेखपाल को देकर हुए नुकसान का आंकलन कर सरकारी मदद दिलाने की गुहार लगाई गई है। फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से मदद की आस लगाए हुए हैं और पूरे गांव में घटना को लेकर चिंता और सहानुभूति का माहौल बना हुआ है।

