पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा। गोंडा-अयोध्या मार्ग पर सूटिंग रेंज के पास सड़क किनारे एक अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे करीब 52 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन देर तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है और वह पिछले कई दिनों से क्षेत्र में इधर-उधर घूमता देखा गया था। पुलिस द्वारा शव की पहचान कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहचान होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

