पं श्याम त्रिपाठी/बनारसी मौर्या
नवाबगंज गोंडा । थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में जमीन कब्जेदारी के विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि रघुनाथपुर निवासी हरिकृष्ण मिश्र की ओर से थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि भूमि विवाद को लेकर विपक्षियों से पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। इसी रंजिश में 11 मई की सुबह करीब आठ बजे आरोपी पक्ष के कई लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार की महिलाओं समेत चार लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी शिव कुमार सिंह और सत्यम सिंह निवासी रघुनाथपुर को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

