कमलेश
खमरिया-खीरी। ईसानगर क्षेत्र की ग्रामसभा भेड़हिया के मजरा शुक्लनपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह तेंदुए के हमले से तीन लोगों के घायल होने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों के आक्रोश और बढ़ते भय को देखते हुए वन विभाग हरकत में आया और हिंसक तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के पास पिंजरा लगवाया गया है। पिंजरे में तेंदुए को आकर्षित करने के लिए एक बकरी बांधी गई है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह गांव में घर के बाहर बैठे तीन लोगों पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया था। तेंदुए के हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। शोर मचाने पर तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया। घायलों का उपचार कराया गया, वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में भारी दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ लगातार गांव के आसपास देखा जा रहा है, जिससे लोगों ने बच्चों को अकेले बाहर भेजना बंद कर दिया है,वही किसान भी खेतों में जाने से डर रहे हैं। जिनको देख वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। वहीं पिंजरा लगाए जाने के बाद ग्रामीण व वन विभाग अब खूंखार तेंदुए के फंसने का इंतजार कर रहे हैं।

