पं श्याम त्रिपाठी
गोंडा:वजीरगंज थाना क्षेत्र के सरायखत्री के जटमलपुर गांव में शनिवार देर शाम एक युवक के हिंसक व्यवहार से परिवार में कोहराम मच गया। आरोप है कि युवक ने अपने पिता और छोटे भाई की पिटाई कर दी, घर में आग लगा दी और घटना में एक भैंस की भी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार जटमलपुर गांव निवासी भूल्लन के घर से शनिवार शाम अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो भूल्लन खेत में घायल अवस्था में पड़े कराह रहे थे, जबकि दरवाजे के पास उनकी भैंस मृत पड़ी थी। कुछ दूरी पर उनका 17 वर्षीय पुत्र अंकित बेसुध पड़ा मिला। ग्रामीणों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
![]() |
| जला हुआ घर का सामान |
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता भूल्लन ने आरोप लगाया कि उनके बेटे अक्कू उर्फ हुलसी ने पहले उनकी पिटाई की, फिर घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी और छोटे बेटे अंकित पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
![]() |
| जली चारपाई |
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक और आरोपी के पिता भूल्लन ने बताया कि उनके पांच बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा सुरेश (35) परिवार से अलग रहकर बाहर काम करता है, जबकि ओमप्रकाश (25) और जामवंत (23) भी बाहर नौकरी करते हैं। परिवार में मृतक अंकित (17), बहन कोमल (16) और मां मीरा रहते हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह अक्सर गांव में बदहवास घूमता रहता था। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मचा हुआ है। लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अभी तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।
बोले थानाध्यक्ष
घटना के बाद थाना अध्यक्ष विपुल पांडेय ने दूरभाष पर बताया कि गाँव के अन्य व्यक्ति के सूचना पर मौके का जांच पड़ताल किया गया है, भाई ने भाई की हत्या की है, भैंस को मार डाला, घर में आग लगा दी। मामले में तहरीर मांगा गया है।



